कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल के बीच शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। सप्तमी के दिन चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में कम से कम 15 लोगों के घायल होने की खबर है। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें कुछ लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेज बारिश और भारी भीड़ से बिगड़े हालात जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम मां दुर्गा के दर्शन के लिए चोरबागान पूजा पंडाल में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान इलाके में तेज बारिश होने लगी। पंडाल में बढ़ती भीड़ और बारिश के बीच हालात बिगड़ गए, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पंडाल के किसी हिस्से का ढांचा टूटने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, हादसा वास्तव में किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, पुलिस और दमकल की टीम मौके पर हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने पर ध्यान दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूजा पंडाल की रोशनी बंद कर दी गई और आवाजाही के रास्तों को भी बंद कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे। घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अस्पताल पहुंचने की खबर भी सामने आई है।
पूजा आयोजक विकास दास के मुताबिक, फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। उनकी प्राथमिकता घायलों को उपचार उपलब्ध कराना है। यह भी जांच का विषय है कि भीड़ के दबाव से लोग गिरे या किसी अन्य कारण से यह स्थिति बनी।
‘आर्ब’ थीम के कारण चर्चा में था चोरबागान पंडाल इस साल चोरबागान सार्वजनिन दुर्गोत्सव समिति ने अपने पंडाल की थीम ‘आर्ब’ रखी थी, जिसका भावार्थ ‘ध्वनि से परे’ है। पंडाल को 360 डिग्री की अवधारणा पर तैयार किया गया था और इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे थे।
